27/11/2026हिन्दी | English | Login
KV NEWS INDIAKV NEWS INDIAनजर हमारी खबर आपकी
FacebookX / Twitter▶ YouTube

देश | 2026-11-27 13:45:57 |

संविधान के 77 साल: संस्थाओं की स्वायत्तता कैसे कमजोर हुई

संविधान के 77 साल: संस्थाओं की स्वायत्तता कैसे कमजोर हुई
संविधान निर्माताओं की बड़ी चिंता थी कि शासन करने वालों पर अंकुश कौन रखेगा. संविधान को अंगीकार करने के सत्तहत्तर वर्ष बाद भारतीय गणराज्य की सबसे गंभीर चिंताओं में इस संस्थागत संतुलन का क्षरण है. इसकी ऐतिहासिक यात्रा को देखें तो पता चलता है कि आज जिन संवैधानिक विचलनों पर विवाद है, उनमें से अनेक की पूर्वपीठिका गणराज्य के आरंभिक वर्षों में ही तैयार होने लगी थी.

संविधान कितना ही अच्छा क्यों न हो, उसे संचालित करने वाले लोग बुरे हैं तो वह बुरा सिद्ध होगा. संविधान कितना ही बुरा क्यों न हो, उसे संचालित करने वाले लोग अच्छे हैं तो वह अच्छा सिद्ध हो सकता है.

– डॉ. बीआर आंबेडकर, संविधान सभा, 25 नवंबर, 1949

संविधान की सफलता का सबसे विश्वसनीय प्रमाण यह है कि सत्ता में बैठे लोग अपने लिए असुविधाजनक हो जाने पर भी उसका कितना सम्मान करते हैं. संविधान का वास्तविक जीवन उसके अनुच्छेदों से झरकर उन संस्थाओं के व्यवहार में कल-कल बहता है, जिन्हें उसकी आत्मा की रक्षा का उत्तरदायित्व सौंपा गया है.

26 नवंबर, 1949 को हमारी संविधान सभा ने मनुष्य की सत्ता-लिप्सा के लंबे ऐतिहासिक अनुभवों से गुजरकर ऐसी व्यवस्था निर्मित की थी, जिसमें शासन करने की शक्ति के साथ शासन करने वालों को नियंत्रित करने की शक्तियां भी निहित थीं. संविधान निर्माताओं की कहीं बड़ी चिंता थी कि शासन करने वालों पर अंकुश कौन रखेगा.

संविधान को अंगीकार करने के सत्तहत्तर वर्ष बाद भारतीय गणराज्य की सबसे गंभीर चिंताओं में इस संस्थागत संतुलन का क्षरण है. इसकी ऐतिहासिक यात्रा को देखें तो पता चलता है कि आज जिन संवैधानिक विचलनों पर विवाद है, उनमें से अनेक की पूर्वपीठिका गणराज्य के आरंभिक वर्षों में ही तैयार होने लगी थी.

संविधान में पहली दरारें

तीन अगस्त, 1949 को संविधान सभा में उस प्रारूप अनुच्छेद पर बहस हुई, जिसे आज हम अनुच्छेद 356 के रूप में जानते हैं. आंबेडकर को आशा थी कि राज्यों में संवैधानिक तंत्र की विफलता से संबंधित यह प्रावधान शायद ही कभी इस्तेमाल हो और संविधान में निष्प्राण उपबंध बनकर रह जाए.

लेकिन संविधान लागू होने के डेढ़ वर्ष के भीतर, जून 1951 में पंजाब में राष्ट्रपति शासन लगा दिया गया. मार्च 1953 में पटियाला और पूर्वी पंजाब राज्य संघ (पेप्सू) में इसका प्रयोग हुआ. जुलाई 1959 में केरल की ईएमएस नंबूदरीपाद के नेतृत्व वाली निर्वाचित कम्युनिस्ट सरकार की बर्खास्तगी ने अनुच्छेद 356 के राजनीतिक इस्तेमाल पर एक व्यापक राष्ट्रीय विवाद खड़ा कर दिया.

संवैधानिक अपवाद के रूप में निर्मित यह प्रावधान धीरे-धीरे राजनीतिक संघर्ष का कभी रंदा तो कभी बसूला बनता गया.

1977 में जनता पार्टी की सरकार ने नौ राज्यों की कांग्रेस सरकारों को बर्खास्त किया और 1980 में कांग्रेस की सत्ता में वापसी के बाद नौ राज्यों की गैर-कांग्रेसी सरकारों के साथ ऐसा ही हुआ. एक दल के संवैधानिक विचलन को दूसरे दल ने सुधारने के बजाय अपने लिए एक राजनीतिक पूर्वदृष्टांत बना लिया.

अंततः 1994 में एसआर बोम्मई बनाम भारत संघ में सर्वोच्च न्यायालय की नौ सदस्यीय संविधान पीठ ने हस्तक्षेप किया. राष्ट्रपति शासन की उद्घोषणा न्यायिक समीक्षा के अधीन हुई और सरकार के बहुमत के परीक्षण के लिए विधानसभा की सर्वोपरिता प्रतिष्ठित हुई.

भारतीय संवैधानिक इतिहास की यह एक विडंबना है कि जिस प्रावधान के निष्प्राण बने रहने की आशा आंबेडकर ने की थी, उसके दुरुपयोग पर अंकुश लगाने के लिए गणराज्य को चार दशक से अधिक प्रतीक्षा करनी पड़ी.

सत्ता और संविधान का पहला बड़ा संघर्ष

चार नवंबर, 1948 को संविधान का प्रारूप प्रस्तुत करते हुए आंबेडकर ने ब्रिटिश इतिहासकार जॉर्ज ग्रोट के हवाले से संवैधानिक नैतिकता की व्याख्या की थी. उनका आशय था कि संवैधानिक प्राधिकार के सम्मान के साथ उसकी आलोचना की निर्बाध स्वतंत्रता भी हो. संवैधानिक नैतिकता को आत्म-संस्कृति में उसी तरह ढालना पड़ता है, जैसे राष्ट्रगान पर ज़ोर रहता है.

लेकिन स्वतंत्र भारत में सत्ता और संवैधानिक मर्यादा का संघर्ष निरंतर गहराया है. 24 अप्रैल, 1973 को केशवानंद भारती बनाम केरल राज्य में सर्वोच्च न्यायालय की तेरह सदस्यीय संविधान पीठ ने निर्णय दिया कि अनुच्छेद 368 संसद को संविधान में संशोधन की शक्ति देता है, उसकी मूल संरचना नष्ट करने की नहीं.

इसके अगले ही दिन तीन वरिष्ठ न्यायाधीशों जेएम शेलट, केएस हेगड़े और एएन ग्रोवर की वरिष्ठता की उपेक्षा कर न्यायमूर्ति एएन रे को भारत का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया.

25 जून, 1975 को घोषित आपातकाल में यह संघर्ष अपने चरम पर पहुंचा. 38वें, 39वें और 42वें संविधान संशोधनों के माध्यम से कार्यपालिका और संसद की शक्तियों पर विद्यमान न्यायिक नियंत्रण को दुर्बल करने का प्रयास हुआ. बाद में 44वें संविधान संशोधन और 1980 के मिनर्वा मिल्स निर्णय ने इस असंतुलन को दूर करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.

इस पूरे घटनाक्रम ने एक तथ्य उजागर किया. संविधान को निष्प्रभावी करने के लिए उसे निरस्त करना आवश्यक नहीं; उसकी अपनी शक्तियों का उसके मूल प्रयोजन के विरुद्ध इस्तेमाल भी किया जा सकता है.

संसद : निगरानी करने वाली संस्था की निगरानी

भारतीय संविधान ने अमेरिकी व्यवस्था की तरह शक्तियों के कठोर पृथक्करण के बजाय संसदीय उत्तरदायित्व और संस्थागत नियंत्रण के सम्मिश्रण को स्वीकार किया. अनुच्छेद 75(3) मंत्रिपरिषद् को लोकसभा के प्रति सामूहिक रूप से उत्तरदायी बनाता है.

आंबेडकर के अनुसार भारतीय संविधान ने अधिक स्थायित्व के बजाय अधिक उत्तरदायित्व को प्राथमिकता दी थी. सरकार का मूल्यांकन केवल चुनावों में नहीं, प्रश्नकाल, संसदीय बहसों, समितियों और अविश्वास प्रस्तावों के माध्यम से प्रतिदिन होना था.

पीआरएस लेजिस्लेटिव रिसर्च के अनुसार पंद्रहवीं लोकसभा में 71 प्रतिशत विधेयक संसदीय समितियों को भेजे गए थे. सत्रहवीं लोकसभा में यह अनुपात 16 प्रतिशत और अठारहवीं लोकसभा के 2026 के मानसून सत्र तक 21 प्रतिशत था. दिसंबर 2023 में संसद के दोनों सदनों से 146 सांसदों का निलंबन भी संसदीय इतिहास की असाधारण घटना थी.

संसद में अनुशासन आवश्यक है, लेकिन अनुशासन और असहमति के निषेध में अंतर है. बहुमत सरकार बनाने का अधिकार देता है, संसदीय परीक्षण से मुक्त होने का नहीं.

संसद का गौरव उसकी कानून पारित करने की गति में नहीं, कानून बनाने से पहले अपने ही निष्कर्षों पर संदेह करने की क्षमता में निहित है.

लोक सेवा आयोग : राजस्थान का संवैधानिक विद्रूप

संविधान निर्माताओं की संस्थागत कल्पना न्यायपालिका, विधायिका और कार्यपालिका तक सीमित न थी. अनुच्छेद 148 में नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक, अनुच्छेद 280 में वित्त आयोग, अनुच्छेद 315 में लोक सेवा आयोग और अनुच्छेद 324 में निर्वाचन आयोग की व्यवस्था इसी व्यापक संवैधानिक विवेक की उपज थी.

26 नवंबर, 1949 को संविधान सभा के स्थायी अध्यक्ष डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने समापन भाषण में इन संस्थाओं की स्वतंत्रता को विशेष रूप से रेखांकित किया था.

लेकिन राजस्थान लोक सेवा आयोग के अनुभव को देखें तो संवैधानिक संरक्षण और नियुक्ति करने वाली सरकारों के विवेक के बीच एक विचित्र अंतर्विरोध दिखाई देता है.

अनुच्छेद 316 के अंतर्गत राज्यपाल लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष और सदस्यों की नियुक्ति करते हैं. किंतु अनुच्छेद 317 के अंतर्गत कदाचार के आधार पर उन्हें हटाने का अधिकार राष्ट्रपति के पास है और इसके लिए सर्वोच्च न्यायालय की जांच की संवैधानिक प्रक्रिया निर्धारित है.

इस कठिन प्रक्रिया का उद्देश्य आयोग के सदस्यों को राजनीतिक प्रतिशोध से बचाना था. लेकिन यदि नियुक्ति के स्तर पर ही पर्याप्त सावधानी और नैतिक विवेक का परिचय न दिया जाए तो स्वतंत्रता की रक्षा के लिए निर्मित प्रावधान उत्तरदायित्व सुनिश्चित करने में कठिनाई उत्पन्न कर सकते हैं.

राजस्थान लोक सेवा आयोग के सदस्य बाबूलाल कटारा को अप्रैल 2023 में प्रश्नपत्र लीक प्रकरण में गिरफ्तार किया गया. फरवरी 2024 में उन्हें निलंबित किया गया. पूर्व सदस्य रामूराम राईका को सितंबर 2024 में अपने बच्चों को कथित रूप से लीक हुआ प्रश्नपत्र उपलब्ध कराने के आरोप में गिरफ्तार किया गया. लेकिन इन्हें बर्खास्त नहीं किया जा सका.

जिस संस्था को सार्वजनिक पदों पर योग्य व्यक्तियों का चयन करना है, उसके अपने सदस्यों के चयन में योग्यता और सत्यनिष्ठा की उपेक्षा से बड़ा संवैधानिक विरोधाभास क्या होगा?

निर्वाचन आयोग: निर्णायक की निष्पक्षता

15 जून, 1949 को संविधान सभा में आंबेडकर ने चुनावों को कार्यपालिका के हस्तक्षेप से मुक्त रखने की आवश्यकता पर बल दिया था. इसी चिंता से अनुच्छेद 324 की व्यवस्था बनी.

दो मार्च, 2023 को अनूप बरनवाल बनाम भारत संघ में सुप्रीम कोर्ट की पांच सदस्यीय संविधान पीठ ने चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति के लिए प्रधानमंत्री, लोकसभा में विपक्ष के नेता और भारत के मुख्य न्यायाधीश की समिति निर्धारित की. यह व्यवस्था संसद द्वारा संबंधित कानून बनाए जाने तक के लिए थी.

दिसंबर 2023 में संसद ने कानून बनाकर मुख्य न्यायाधीश के स्थान पर प्रधानमंत्री-नामित केंद्रीय मंत्री को सम्मिलित कर दिया. इस प्रकार तीन सदस्यीय चयन समिति में कार्यपालिका को दो स्थान मिले.

अनुच्छेद 324(2) संसद को नियुक्ति संबंधी कानून बनाने की शक्ति देता है. लेकिन विवाद यह है कि क्या उस शक्ति का प्रयोग आयोग की स्वतंत्रता के मूल संवैधानिक प्रयोजन के अनुरूप है.

23 सितंबर, 2026 को इस विवाद को बड़ी पीठ के समक्ष भेजने का घटनाक्रम प्रारंभ हुआ. 20 नवंबर को सर्वोच्च न्यायालय ने संदर्भ आदेश वापस लेने की मांग करने वालों से अपना पक्ष संविधान पीठ के समक्ष रखने को कहा. कानून की संवैधानिक वैधता पर अंतिम निर्णय अभी शेष है.

निर्वाचन आयोग के संदर्भ में प्रश्न केवल निष्पक्ष चुनाव संपन्न कराते हुए निष्पक्षता में राजनीतिक समुदाय के विश्वास को बनाए रखने है. जैसे न्याय होना ही नहीं चाहिए, न्याय होता दिखना भी चाहिए. वैसे ही निष्पक्ष चुनाव ही नहीं होने चाहिए, निष्पक्षता दिखनी भी लाजिमी है.

लोकतंत्र में चुनाव के निर्णायक की विश्वसनीयता किसी चुनाव में विजयी दल की संतुष्टि से नहीं, पराजित दल के भी उसकी निष्पक्षता में विश्वास से निर्धारित होती है.

न्यायपालिका और राजभवनों की मर्यादा

1997 में एल. चंद्र कुमार बनाम भारत संघ में सात सदस्यीय संविधान पीठ ने न्यायिक पुनरावलोकन को संविधान की मूल संरचना का अंग माना. 2015 में राष्ट्रीय न्यायिक नियुक्ति आयोग से संबंधित 99वें संविधान संशोधन को निरस्त करके सर्वोच्च न्यायालय ने न्यायपालिका की स्वतंत्रता को पुनः रेखांकित किया.

लेकिन न्यायिक स्वतंत्रता का अर्थ न्यायिक निरंकुशता नहीं. नियुक्तियों की पारदर्शिता, मुकदमों का समयबद्ध निस्तारण और न्यायिक उत्तरदायित्व भी संवैधानिक अपेक्षाएं हैं.

इधर अनुच्छेद 356 के इस्तेमाल पर न्यायिक नियंत्रण स्थापित होने के बाद संघीय तनाव के दूसरे रूप सामने आए हैं. निर्वाचित विधानसभाओं से पारित विधेयकों पर राज्यपालों की दीर्घकालीन निष्क्रियता संवैधानिक विवाद का विषय बनी है.

20 नवंबर, 2025 को राष्ट्रपति के संदर्भ पर पांच सदस्यीय संविधान पीठ ने अनुच्छेद 200 और 201 के अंतर्गत निर्णय लेने के लिए न्यायालय से निश्चित समय-सीमा आरोपित करने को स्वीकार नहीं किया, लेकिन अत्यधिक और अस्पष्ट निष्क्रियता की स्थिति में सीमित न्यायिक हस्तक्षेप की गुंजाइश रखी.

राजभवन किसी निर्वाचित राज्य सरकार के समानांतर राजनीतिक सत्ता का केंद्र नहीं है. संवैधानिक पदों की गरिमा उनके अधिकारों के विस्तार से अधिक उन अधिकारों के विवेकपूर्ण प्रयोग में होती है.

संस्थागत क्षरण का नया जुगराफिया

केंद्रीय सूचना आयोग, केंद्रीय सतर्कता आयोग, राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग और लोकपाल जैसी वैधानिक संस्थाएं भी सत्ता को परीक्षण और जवाबदेही के अधीन रखने वाली व्यवस्था के अंग हैं. सूचना का अधिकार, स्वतंत्र पत्रकारिता और नागरिक समाज इस व्यवस्था को व्यापकता प्रदान करते हैं. लेकिन सूचना का अधिकार आज बहुत कमज़ोर कर दिया गया है.

15 फरवरी, 2024 को चुनावी बॉन्ड योजना को असंवैधानिक घोषित करने वाली संविधान पीठ ने राजनीतिक चंदे से संबंधित सूचनाओं पर नागरिकों के अधिकार को प्रतिष्ठित किया.

लोकतंत्र में सत्ता की पारदर्शिता इसलिए है कि उन्हें सरकार पर विश्वास करने के लिए पर्याप्त और स्वतंत्र रूप से परीक्षण योग्य सूचनाएं उपलब्ध हों.

संवैधानिक क्षरण सदैव किसी नाटकीय घोषणा के साथ प्रारंभ नहीं होता. संविधान अक्षुण्ण रह सकता है, अनुच्छेद यथावत रह सकते हैं, संस्थाओं के नाम, भवन, ध्वज और पदनाम बने रह सकते हैं; लेकिन उनकी कार्यात्मक स्वतंत्रता धीरे-धीरे संकुचित हो सकती है.

इसलिए संस्थागत क्षरण की पहचान संस्थाओं के व्यवहार में आए परिवर्तनों से करनी होगी. ज़रूरी नहीं कि इसके लिए संशोधनों की कतरब्योंत की जाए.

संविधान का सबसे सुंदर शब्द

25 नवंबर, 1949 को आंबेडकर ने राजनीति में व्यक्तिपूजा को लोकतांत्रिक अधःपतन और अधिनायकवाद की ओर जाने वाला मार्ग बताया था.

भारतीय संविधान के इतिहास में अलग-अलग राजनीतिक दलों और सरकारों के समय हुए विचलनों को एक साथ देखने की ज़रूरत है. अतीत की त्रुटियों की विस्मृति जितनी अनुचित है, उन्हें वर्तमान की त्रुटियों का औचित्य बना देना उससे कम अनुचित नहीं.

संविधान निर्माताओं ने नियंत्रण और संतुलन की व्यवस्था इसलिए नहीं की थी कि उन्हें सत्ता में आने के बाद मनुष्य के स्वभाव को परिवर्तित कर देने वाली ऐतिहासिक प्रवृत्ति का ज्ञान था. इसलिए उन्होंने हमें हमारे अपने ही चुने शासकों को नियंत्रित करने का संस्थागत सामर्थ्य दिया था.

किसी गणराज्य की परिपक्वता सत्ता को मर्यादित करने वाली संस्थाओं की निर्भीकता से ही महकती है. संविधान की सबसे सुंदर ध्वनि वह है, जब कोई स्वतंत्र संस्था देश के सबसे शक्तिशाली व्यक्ति से अत्यंत विनम्रता, किंतु संपूर्ण दृढ़ता के साथ कह सकती है, नहीं. नहीं, मतलब नहीं!

जिस दिन हमारी संस्थाओं के शब्दकोश से यह छोटा-सा शब्द विलुप्त होने लगेगा, उसी दिन समझना होगा कि संविधान के पृष्ठ भले सुरक्षित हैं, उसका जीवन संकट में है. इसीलिए सजग-सचेतन नागरिक को अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का अधिकार दिया गया ताकि वह आपत्ति दर्ज कर सके. लेकिन वह चुप रहे तो फ़ैज़ का यह शेर ही याद आता है :

तेरे दस्ते-सितम का इ’ज्ज़ नहीं,
दिल ही काफ़िर था जिसने आह न की.

(इ’ज्ज़ = कमज़ोरी)

(लेखक वरिष्ठ पत्रकार हैं.)