29/11/2026 हिन्दी | English | Login
KV NEWS INDIA KV NEWS INDIA नजर हमारी खबर आपकी

देश | 2026-11-28 22:38:37 |

रास उत्सव की छटा , बंगाल, असम, और मणिपुर में कार्तिक पूर्णिमा रास उत्सव का रूप ले लेती है

रास उत्सव की छटा , बंगाल, असम, और मणिपुर में कार्तिक पूर्णिमा रास उत्सव का रूप ले लेती है
बंगाल, असम, और मणिपुर में कार्तिक पूर्णिमा रास उत्सव का रूप ले लेती है. बंगाल में कूच बिहार का रास उत्सव ऐसा लोकप्रिय है कि यह कहना कोई अतिशयोक्ति नहीं कि शहर के निवासियों को दुर्गा पूजा से अधिक रास उत्सव की प्रतीक्षा रहती है.
24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा थी. उस संध्या कूच बिहार शहर में विशाल गोल सुनहरे चंद्रमा के तले जगमगाती मदन मोहन बाड़ी (यानी मंदिर) के प्रांगण के उत्तर–पूर्वी कोने में अमिनुर हुसैन द्वारा अलंकृत विशाल चोटीदार चक्र को घुमाकर ज़िला मजिस्ट्रेट तथा कलेक्टर एवं देवोत्तर न्यास के अध्यक्ष ने रास उत्सव के आरंभ की सूचना की. अगले दिन राज्य के मुख्यमंत्री ने उत्तर बंगाल के सबसे पुराने मेले का कूच बिहार में उद्घाटन किया. 2001 के जून महीने में जब मेरा तबादला कूच बिहार के ज़िला मजिस्ट्रेट एवं कलेक्टर के पद पर हुआ, तब यहां का रास उत्सव तथा मेला अपने 189वें वर्ष में था.
यूं तो कार्तिक पूर्णिमा देश के विभिन्न राज्यों में विषेश महत्व रखती है एवं नाना मान्यताओं से जुड़ी है. इस दिवस को पंजाब तथा हरियाणा में गुरु नानक जयंती या गुरुपरब, गुजरात में जैन धर्म के अनुयायियों द्वारा शत्रुंजय यात्रा, महाराष्ट्र में त्रिपुरारी पूर्णिमा, उत्तर प्रदेश में देव दीपावली, तमिलनाडु में कार्थिगाइ दीपम, और ओडिशा में बोयता बंदना के रूप में मनाया जाता है. साथ ही कार्तिक पूर्णमासी से जुड़े हुए हैं कुछ प्रसिद्ध मेले– राजस्थान में पुष्कर मेला, उत्तर गुजरात में शामलाजी मेलो, तथा बिहार में सोनपुर मेला.
पश्चिम बंगाल, असम, तथा मणिपुर में यह दिन रास उत्सव का रूप लेता है, इसी वजह से इन राज्यों में कार्तिक पूर्णिमा रास पूर्णिमा के नाम से अधिक प्रचलित है. पश्चिम बंगाल में रास उत्सव कई जगहों पर मनाया जाता है लेकिन कूच बिहार, नवद्वीप, शांतिपुर तथा बारुइपुर के रास उत्सव अधिक प्रसिद्ध और लोकप्रिय हैं. यह कोई अतिशयोक्ति नहीं कि इन तीनों शहरों के निवासियों को दुर्गा पूजा से अधिक रास उत्सव की प्रतीक्षा रहती है.
इन सबमें कूच बिहार के रास उत्सव का एक विशेष स्थान है क्योंकि बंगाल में रास लीला के इस पर्व पर, जब राधा एवं कृष्ण दोनों भक्ति के केंद्रबिंदु रहते हैं, इस एक स्थान पर अकेले श्री कृष्ण की प्रतिमा को पूजा जाता है.
इससे पहले बंगनामा 56 में मैंने यह दर्शाने का प्रयास किया था कि ऐतिहासिक रूप से पश्चिम बंगाल में ही नहीं संपूर्ण पूर्वी भारत- बिहार से मणिपुर तक- एक ओर भक्ति और वैष्णव तथा दूसरी ओर शाक्त व तांत्रिक परंपराओं के बीच संघर्ष रहा है. धीरे–धीरे, कई सदियों के बाद यह संघर्ष समायोजन में परिवर्तित हो गया है.
कूच बिहार के द्वितीय राजा नर नारायण ने 16वीं शताब्दी में असम के सर्वमान्य भक्ति संत तथा समाज सुधारक शंकर देव के प्रभाव से वैष्णव पंथ अपनाया. शंकरदेव का नव–वैष्णव आंदोलन चैतन्य महाप्रभु से प्रेरित होने के बावजूद एक पक्ष में भिन्न था- यहां दोनों कृष्ण तथा राधा की नहीं अकेले कृष्ण की ही उपासना होती है. कोच नरेश नर नारायण ने मदन मोहन के नाम से श्री कृष्ण को कोच राज परिवार का आराध्य देव बनाया. इसीलिए जब 1812 में महाराजा हरेंद्र नारायण ने आज के कूच बिहार शहर से दस किमी दूर उस समय की राजधानी भेटागुड़ी में मदन मोहन का मंदिर बनवाया तो वहां केवल वंशीधारी कृष्ण की प्रतिमा लगाई गई. रास उत्सव तथा मेले का आरंभ भी उसी वर्ष हुआ और अगले आठ दशकों तक वहीं होता रहा.
1817 में महाराजा नृपेंद्र नारायण भूप बहादुर ने अपने राजमहल तथा राजधानी को भेटागुड़ी से हटाकर वर्तमान कूच बिहार शहर में तोर्सा नदी के तट पर स्थानांतरित किया. 1890 से रास उत्सव तथा मेला भी कूच बिहार शहर में व्यवस्थित होने लगे क्योंकि राजप्रासाद से एक मील की दूरी पर बैरागी दीघी (तालाब) के किनारे मदन मोहन बाड़ी बनकर तैयार हो गया था.
मदन मोहन बाड़ी मंदिर परिसर में विराजमान शांति का एक बड़ा कारण शायद यह है कि यहां अंतर्विरोध घुलकर लुप्त हो जाते हैं. रास उत्सव के आरंभ होने की सूचना वैष्णव पद्धति की पूजा के उपरांत बौद्ध परंपरा से अवतीर्ण जिस चक्र को घुमाकर की जाती है उसकी सजावट एक मुस्लिम परिवार कई पीढ़ियों से कर रहा है. इस बार भी उसी परिवार के अमिनुर हुसैन ने अपने पूर्वजों की तरह ही समय से यह काम पूरा किया.
यह चक्र इस रास उत्सव के आकर्षणों में अग्रणी है. बांस से निर्मित क़रीब 40 फुट ऊंचे, घूमने वाले चक्र के ढांचे पर चढ़े सफ़ेद काग़ज़ की महीन जालीदार डिज़ाइन के बीच कृष्ण लीला की रंग बिरंगी छवियां फूलों की तरह खिली रहती हैं. चूंकि रास उत्सव सभी का उत्सव बन चुका है इसके आरंभ होने के पश्चात इस उत्सव में आने वाला हर श्रद्धालु इस चक्र को घुमा सकता है. रास उत्सव मदन मोहन बाड़ी परिसर में देबोत्तर न्यास द्वारा आयोजित किया जाता है लेकिन अगले दिन से आरंभ होने वाले रास मेले की व्यवस्थापना नगरपालिका करती है, निकट के रास मेला मैदान में.
214 वर्ष के इतिहास में दो साल ही ऐसे रहे जब रास मेले का आयोजन नहीं किया जा सका, पहली बार 1912 में हैज़ा महामारी की वजह से और दूसरी बार 2021 में कोविड काल में.
लगभग बीस दिनों तक उत्तर बंगाल के ही नहीं बल्कि असम, भूटान तथा नेपाल के पर्यटक, शिल्पकार, कलाकार, व्यापारी तथा नाना प्रकार के प्रदर्शक कूच बिहार के रास मेले से सम्मोहित रहते है. इस दौरान हस्तशिल्प, घरेलू उपयोग की वस्तुओं, खिलौनों, खाद्य पदार्थों और अन्य सामानों की दुकानों के मध्य में, हर झिलमिलाती शाम को मेले के मंच पर प्रस्तुत रंगारंग कार्यक्रमों में, तथा मेले के हर गूंजते कोने में इस पूरे क्षेत्र के विविध पर सहिष्णु समाज और लोकसंस्कृति का कोई न कोई पक्ष झलकता रहता है.
हां, आगंतुक कहीं के भी हों यहां आनेवाला हरेक व्यक्ति यही चाहता है कि वह पहले मदन मोहन बाड़ी में वंशीधर का दर्शन कर चक्र को घुमाने के बाद ही रास मेला के मायावी मैदान में प्रवेश करे.

Share This News / इस खबर को शेयर करें

Facebook X / Twitter YouTube Instagram WhatsApp