प्रदेश | 2026-11-28 22:49:52 | Uttar Pradesh
यूपीपीसीएस-2025 प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम नए सिरे से घोषित होगा, इलाहाबाद हाईकोर्ट का आदेश
इलाहाबाद हाईकोर्ट ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग को आदेश दिया कि वह यूपीपीसीएस-2025 प्रारंभिक परीक्षा के आरक्षण और मेरिट के आधार पर संशोधित मेरिट सूची तैयार करे. आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों ने हाईकोर्ट में याचिका दायर कर आरोप लगाया था कि अधिक अंक प्राप्त करने के बावजूद उन्हें अनारक्षित श्रेणी के तहत चयन का लाभ नहीं दिया गया.
नई दिल्ली: इलाहाबाद हाईकोर्ट ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीसीएस) को यूपीपीसीएस-2025 प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम नए सिरे से घोषित करने का निर्देश दिया है.
की रिपोर्ट के मुताबिक, अदालत ने आयोग को आरक्षण और मेरिट के आधार पर संशोधित मेरिट सूची तैयार करने का निर्देश दिया है.
अदालत ने आदेश दिया है कि आरक्षित वर्ग के ऐसे अभ्यर्थियों को अनारक्षित श्रेणी (ओपन कैटेगरी) में शामिल किया जाए, जिन्होंने अनारक्षित श्रेणी में अंतिम रूप से चयनित अभ्यर्थी से अधिक अंक प्राप्त किए हैं.
अदालत ने आयोग से श्रेणीवार चयनित अभ्यर्थियों द्वारा प्राप्त अंकों का विवरण भी मांगा है. अब संशोधित मेरिट सूची के आधार पर मुख्य परीक्षा नए सिरे से आयोजित की जाएगी.
नई मुख्य परीक्षा के परिणामों के आधार पर अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के लिए बुलाया जाएगा. इंटरव्यू की प्रक्रिया भी नए सिरे से पूरी की जाएगी.
अभ्यर्थियों के वकील अभिषेक शुक्ला के अनुसार, प्रारंभिक परीक्षा दोबारा आयोजित नहीं की जाएगी. पहले ही आयोजित परीक्षा में अभ्यर्थियों द्वारा प्राप्त अंकों के आधार पर संशोधित परिणाम घोषित किए जाएंगे.
आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों ने हाईकोर्ट में याचिका दायर कर आरोप लगाया था कि अधिक अंक प्राप्त करने के बावजूद उन्हें अनारक्षित श्रेणी के तहत चयन का लाभ नहीं दिया गया.
याचिकाकर्ता के वकील के अनुसार, यूपीपीएससी ने ओपन-कैटेगरी के तहत केवल उन्हीं उम्मीदवारों पर विचार किया था, जिन्होंने आरक्षण का लाभ नहीं लिया था. इस तरीके के कारण आरक्षित श्रेणी के कुछ ऐसे उम्मीदवार बाहर हो गए, जिन्होंने सामान्य श्रेणी के अंतिम चयनित उम्मीदवार से भी अधिक अंक प्राप्त किए थे. नतीजतन, ओपन-कैटेगरी की मेरिट के मानक को पूरा करने के बावजूद इन उम्मीदवारों को भर्ती प्रक्रिया के अगले चरण के लिए नहीं चुना गया.
याचिका में यह सवाल उठाया गया था कि क्या आरक्षित श्रेणियों के वे उम्मीदवार, जो अपनी योग्यता (मेरिट) के आधार पर सफल हुए हैं, उन्हें उनकी सामाजिक श्रेणी की परवाह किए बिना ओपन-कैटेगरी की रिक्तियों के लिए शामिल किया जा सकता है.
याचिकाकर्ताओं का तर्क था कि अनारक्षित श्रेणी किसी विशेष वर्ग के लिए आरक्षित नहीं है और इसमें सभी वर्गों के अभ्यर्थियों को उनकी मेरिट के आधार पर शामिल किया जाना चाहिए.
यूपीपीसीएस -2025 के माध्यम से कुल 814 पदों पर भर्ती की जानी है. प्रारंभिक परीक्षा के लिए कुल 6,26,387 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था, जबकि परीक्षा में 2,65,270 अभ्यर्थी शामिल हुए थे.
प्रारंभिक परीक्षा के आधार पर मुख्य परीक्षा के लिए 11,727 अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया गया था. इनमें से 10,284 अभ्यर्थी मुख्य परीक्षा में शामिल हुए, जिनमें से 2,297 अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के लिए सफल घोषित किया गया था.
आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों द्वारा दायर याचिका पर जस्टिस मनीष कुमार निगम की एकल पीठ ने यह आदेश सुनाया.
संशोधित मेरिट सूची तैयार होने के बाद यूपीपीसीएस -2025 की पूरी चयन प्रक्रिया अब नए सिरे से आगे बढ़ेगी.