29/11/2026 हिन्दी | English | Login
KV NEWS INDIA KV NEWS INDIA नजर हमारी खबर आपकी

देश | 2026-11-28 22:54:44 |

डीएमके और शरद पवार की एनसीपी संसद में परिसीमन विधेयक का समर्थन करेंगे

डीएमके और शरद पवार की एनसीपी संसद में परिसीमन विधेयक का समर्थन करेंगे
परिसीमन विधेयक का विरोधी रहे डीएमके ने अब कहा कि वह इसका संसद में समर्थन करेगी, क्योंकि जिन दो मांगों के आधार पर विरोध किया था, उन्हें नए विधेयक में लिखित रूप से शामिल कर लिया गया है. वहीं, विपक्षी दलों के 'इंडिया' गठबंधन में शामिल राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार) ने भी परिसीमन विधेयक का समर्थन की घोषणा की.
नई दिल्ली: एमके स्टालिन की द्रविड़ मुनेत्र कषगम (डीएमके), जिसने पहले परिसीमन विधेयक का विरोध किया था (जिसके कारण वह संसद में पारित नहीं हो पाया था), ने इस बार विधेयक का समर्थन करने की घोषणा की है.
इससे पहले राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी-शरद पवार) ने शुक्रवार (27 नवंबर) को परिसीमन विधेयकों के समर्थन की घोषणा की.
नरेंद्र मोदी सरकार 30 नवंबर को संसद में यह विधेयक पेश करेगी. चूंकि यह एक संवैधानिक संशोधन है, इसलिए इसे पारित कराने के लिए दो-तिहाई बहुमत की जरूरत होगी.
लोकसभा में डीएमके के 22 और राज्यसभा में आठ सांसद हैं. ऐसे में बहुमत के आंकड़े के लिहाज से पार्टी की भूमिका महत्वपूर्ण होगी.
चेन्नई में समाचार एजेंसियों के हवाले से डीएमके सांसद ए. राजा ने कहा, ‘डीएमके अध्यक्ष एम.के. स्टालिन की अध्यक्षता में हुई संसदीय दल की बैठक में विस्तृत विचार-विमर्श के बाद हमने राष्ट्र और तमिलनाडु के हित में एक ठोस निर्णय लिया है. डीएमके ने सभी राज्यों में संसद की सीटों की संख्या 50 प्रतिशत बढ़ाने के प्रस्ताव का समर्थन करने का फैसला किया है.’
खबरों के अनुसार, राजा ने यह भी स्पष्ट किया कि राज्य में कांग्रेस के साथ गठबंधन समाप्त करने के बाद भी पार्टी के रुख में कोई बदलाव नहीं आया है.
आज डीएमके सांसदों ने पार्टी प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री एमके स्टालिन से मुलाकात की और एक प्रस्ताव पारित किया.
सोशल मीडिया पर तमिल भाषा में इस प्रस्ताव को साझा करते हुए पार्टी ने लिखा: ‘संसद के विशेष सत्र से पहले डीएमके के सांसदों की बैठक में पारित प्रस्ताव: ‘हम तमिलनाडु के प्रतिनिधित्व की रक्षा करेंगे! हम तमिलनाडु के अधिकारों को बनाए रखेंगे!’
प्रस्ताव में आगे कहा गया है, ‘तमिलनाडु निर्वाचन क्षेत्रों के परिसीमन का विरोध नहीं करता है. हालांकि, परिसीमन उन सामाजिक और आर्थिक विकास कार्यक्रमों के लिए सजा नहीं बनना चाहिए, जिन्हें पिछले 50 वर्षों में सफलतापूर्वक लागू किया गया है.’
इसमें कहा गया है, ‘तमिलनाडु के प्रतिनिधित्व का हिस्सा उसके मौजूदा आनुपातिक हिस्से यानी 7.18 प्रतिशत से कम नहीं होना चाहिए. यह मांग डीएमके के सत्ता में रहने के दौरान भी मजबूती और पूरी गंभीरता के साथ उठाई गई थी.’
स्टालिन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा: ‘पिछले अप्रैल में हमने #Delimitation विधेयक का जिन दो मांगों के आधार पर विरोध किया था, उन्हें नए विधेयक में लिखित रूप से शामिल कर लिया गया है.’
उन्होंने आगे कहा, ‘हमें बिना भावुक हुए शांत मन से इस बात पर विचार करना चाहिए कि अगर हम इस #DelimitationBill को गंवा देते हैं, तो क्या होगा. इस विधेयक में 1971 की जनसंख्या के आधार पर सभी राज्यों में निर्वाचन क्षेत्रों की संख्या 50 प्रतिशत बढ़ाने का प्रावधान है.’
2025 में डीएमके ने ही दक्षिणी राज्यों के मुख्यमंत्रियों की संयुक्त कार्रवाई समिति (जॉइंट एक्शन कमेटी) की बैठक बुलाई थी. इसमें केंद्र सरकार से यह आग्रह किया गया था कि लोकसभा सीटों की संख्या और राज्यों के बीच उनके बंटवारे पर लगी रोक को 2026 के बाद और 25 वर्षों के लिए बढ़ा दिया जाए.
एनसीपी (शरदचंद्र पवार) गुट ने परिसीमन प्रक्रिया का समर्थन किया
वहीं राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी-शरद पवार) ने शुक्रवार (27 नवंबर) को परिसीमन विधेयकों के समर्थन की घोषणा की.
शरद पवार और उनकी बेटी सुप्रिया सुले के नेतृत्व वाली एनसीपी-एसपी, विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन का हिस्सा है. ‘इंडिया’ गठबंधन में शामिल ज्यादातर पार्टियां केंद्र की परिसीमन योजना का विरोध कर रही हैं. कांग्रेस ने अपने सहयोगी दल एनसीपी-एसपी के इन विधेयकों का समर्थन करने के फैसले को ‘दुर्भाग्यपूर्ण’ बताया है. इससे पहले शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत ने इन विधेयकों का समर्थन करने वाली पार्टियों को ‘गद्दार’ करार दिया था.
इंडिया टुडे के मुताबिक, एनसीपी (शरदचंद्र पवार) के नेता जितेंद्र आव्हाड ने शुक्रवार को घोषणा की कि उनकी पार्टी प्रस्तावित परिसीमन प्रक्रिया का समर्थन करेगी. उन्होंने शरद पवार के साथ चर्चा के बाद इसे संवैधानिक आवश्यकता बताया.
पार्टी का रुख स्पष्ट करते हुए आव्हाड ने कहा कि चर्चा पार्टी के औपचारिक राजनीतिक रुख को लेकर नहीं, बल्कि इस प्रक्रिया की संवैधानिक प्रकृति को लेकर हुई थी.
उन्होंने कहा, ‘कुल मिलाकर यह बात कही गई कि परिसीमन की प्रक्रिया एक संवैधानिक आवश्यकता है… परिसीमन प्रक्रिया का समर्थन करने का निर्णय लिया गया है और हम निश्चित रूप से इसका समर्थन करेंगे. हम परिसीमन का समर्थन करेंगे.’
प्रस्तावित परिसीमन विधेयक को लेकर सुप्रिया सुले का रुख भी हाल के दिनों में कुछ नरम पड़ता दिखाई दिया है. एनसीपी (एसपी) की नेता ने संकेत दिया है कि उनकी पार्टी इस विधेयक का सीधे विरोध करने के बजाय उस पर विचार करने के लिए तैयार है.
26 नवंबर को सुले ने कहा था कि विधेयक के प्रावधानों की जांच किए बिना उसे खारिज करना जल्दबाजी होगी. उन्होंने यह भी कहा कि इसमें ऐसे उपाय हो सकते हैं जो देश के लिए फायदेमंद हों.
उन्होंने विपक्षी दलों से आग्रह किया कि वे केवल इसलिए किसी विधेयक का विरोध न करें कि उसे सत्तारूढ़ सरकार ने पेश किया है. उन्होंने विधेयक के प्रावधानों का पूरी तरह आकलन करने और उस पर रचनात्मक सुझाव देने की अपील की.
महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने शनिवार को अपने सहयोगी दल राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) की आलोचना की. कांग्रेस ने याद दिलाया कि कैसे उसने इस साल की शुरुआत में राज्यसभा की एक सीट पर अपना दावा छोड़ दिया था, ताकि पार्टी प्रमुख शरद पवार का फिर से चुनाव हो सके.
राज्य कांग्रेस ने आगे दावा किया कि सुप्रिया सुले ने व्यक्तिगत रूप से कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं से संपर्क किया और अपने पिता के नामांकन के लिए उनका समर्थन मांगा था.
कांग्रेस ने कहा कि पार्टी अब भाजपा सरकार के परिसीमन प्रस्ताव का समर्थन करने की तैयारी कर रही है.
महाराष्ट्र कांग्रेस के प्रवक्ता सचिन सावंत ने एनसीपी (एसपी) के फैसले पर हैरानी जताई और कहा कि शरद पवार का राजनीतिक सफर हमेशा धर्मनिरपेक्ष और लोकतांत्रिक मूल्यों से जुड़ा रहा है.
उन्होंने कहा, ‘एनसीपी (एसपी) का यह फैसला दबाव में लिया गया है या इसके पीछे कोई राजनीतिक रणनीति है, यह समय के साथ साफ हो जाएगा.’

Share This News / इस खबर को शेयर करें

Facebook X / Twitter YouTube Instagram WhatsApp