प्रदेश | 2026-11-28 22:58:33 | Tamilnadu
सुप्रीम कोर्ट का आदेश: 28 नवंबर को मदुरै के विवादित स्थल पर जलाया जाए दीप, मंदिर के ट्रस्टी बोर्ड निलंबित
सुप्रीम कोर्ट ने मदुरै जिले के तिरुप्परनकुंद्रम मंदिर के ट्रस्टी बोर्ड को निलंबित कर दिया और आदेश दिया कि शनिवार को विवादित स्तंभ या दीपथून पर कार्तिगई दीपम जलाया जाए. साथ ही तमिलनाडु पुलिस द्वारा अपने आदेशों को लागू करने में विफल रहने का हवाला देते हुए पूरी पहाड़ी की सीआरपीएफ को सौंप दी है.
नई दिल्ली: सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार, 27 नवंबर को मदुरै जिले के तिरुप्परनकुंद्रम मंदिर के ट्रस्टी बोर्ड को निलंबित कर दिया और आदेश दिया कि शनिवार, 28 नवंबर को विवादित स्तंभ या दीपथून पर कार्तिगई दीपम जलाया जाए. अदालत ने यह आदेश इसलिए दिया क्योंकि उसके पहले के निर्देश का पालन नहीं किया गया था.
लाइव लॉ की रिपोर्ट के अनुसार, जस्टिस अरविंद कुमार और जस्टिस विपुल एम. पंचोली की पीठ ने मद्रास हाईकोर्ट के पूर्व न्यायाधीशों जस्टिस एस. वैद्यनाथन और जस्टिस वी. पार्थिबन को मंदिर के प्रशासन के लिए रिसीवर नियुक्त किया है. उन्हें यह सुनिश्चित करना होगा कि उचिपिल्लयार मंदिर में जलाए गए दीपक की लौ से विवादित स्तंभ पर दीपक जलाया जाए.
सुप्रीम कोर्ट ने तमिलनाडु पुलिस द्वारा अपने आदेशों को लागू करने में विफल रहने का हवाला देते हुए पूरी पहाड़ी की सुरक्षा केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) को सौंप दी है.
अदालत ने सीआरपीएफ को निर्देश दिया है कि वह मंदिर और दरगाह, दोनों के शांतिपूर्ण संचालन को सुनिश्चित करे.
तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी के निचले हिस्से में एक शिव मंदिर और उचिपिल्लयार मंदिर स्थित हैं, जबकि पहाड़ी की चोटी पर एक दरगाह है. दशकों से मंदिर प्रबंधन द्वारा परंपरागत रूप से कार्तिगई दीपम का दीपक उचिपिल्लयार मंदिर के पास जलाया जाता रहा है. हालांकि, 2025 में हिंदुत्ववादी समूहों ने अदालत का दरवाजा खटखटाते हुए मांग की कि पहाड़ी की चोटी पर स्थित पत्थर के स्तंभ ‘दीपथून’ पर दीपक जलाया जाए. यह स्तंभ दरगाह से लगभग 50 मीटर की दूरी पर स्थित है.
द्रविड़ मुनेत्र कषगम (डीएमके) सरकार ने अदालत के आदेश को लागू नहीं किया था और अब नई तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) सरकार ने भी इसी रास्ते पर चलते हुए आदेश का पालन नहीं किया. इस बार सरकार ने इसके लिए मंदिर देवस्थानम के फैसले का हवाला दिया.
सुप्रीम कोर्ट ने 24 नवंबर को अपने पूर्व के आदेश के अनुसार स्तंभ पर कार्तिगई दीपम नहीं जलाए जाने को लेकर तमिलनाडु सरकार की कड़ी आलोचना की.
अदालत ने आदेश का पालन नहीं किए जाने को ‘खुला उल्लंघन और अवज्ञा’ करार दिया और निर्देश दिया कि मौजूदा कार्तिगई महीने के समाप्त होने से पहले विवादित स्थल पर दीपक जलाया जाए.
अदालत ने सभी भक्तों को विवादित स्थल पर दीपक जलाने की अनुमति दी, बशर्ते वे पास की दरगाह से चारों तरफ कम से कम 50 मीटर की दूरी बनाए रखें. अदालत ने केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) को दरगाह की सुरक्षा करने और यह सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया कि वहां आने वाले लोगों को नमाज पढ़ने से न रोका जाए और न ही उनके रास्ते में कोई बाधा डाली जाए.
जस्टिस अरविंद कुमार और जस्टिस विपुल पंचोली की पीठ मदुरै के जिला कलेक्टर और अन्य अधिकारियों के खिलाफ दायर अवमानना याचिकाओं पर सुनवाई कर रही थी. इसके साथ ही अदालत उन आवेदनों पर भी सुनवाई कर रही थी, जिनमें कार्तिगई महीने के किसी अन्य दिन दीपथून पर दीपक जलाने की अनुमति मांगी गई थी.
सुप्रीम कोर्ट ने 20 नवंबर के अपने आदेश का पालन नहीं किए जाने के मामले में राज्य के मुख्य सचिव को व्यक्तिगत रूप से अदालत में पेश होने का निर्देश भी दिया है. अदालत ने पुलिस महानिदेशक, हिंदू धार्मिक एवं धर्मार्थ बंदोबस्ती (एचआर एंड सीई) विभाग के सचिव और आयुक्त, मदुरै के जिला कलेक्टर, पुलिस आयुक्त, पुलिस अधीक्षक, मंदिर अधिकारियों और अन्य लोगों को अवमानना के नोटिस भी जारी किए हैं.
जस्टिस अरविंद कुमार ने कहा, ‘अदालत के आदेशों को कोई भी व्यक्ति, चाहे वह कोई भी हो, कमजोर नहीं कर सकता. यदि कोई संवैधानिक अराजकता पैदा करने की कोशिश कर रहा है, तो हम उसे ठीक करेंगे.’
अदालत ने अपने आदेश में कहा, ‘जब तक अदालत खुद अपने आदेश में कोई बदलाव न करे, तब तक उसके आदेश को बातचीत या समझौता का न्योता नहीं माना जा सकता. इसलिए, जब आदेश का उल्लंघन होता है, तो हम चुपचाप नहीं बैठ सकते.’
अदालत ने कहा कि मंदिर के ट्रस्टियों द्वारा पारित वह प्रस्ताव, जिसमें दीपक को उचिपिल्लयार मंदिर में जलाने का फैसला किया गया था, एक ‘गंभीर उल्लंघन’ था.
सुप्रीम कोर्ट ने 20 नवंबर को मंदिर प्रशासन द्वारा अधिकृत एक सीमित दल को एक बार के उपाय के तौर पर 24 नवंबर को दीपथून पर दीपक जलाने की अनुमति दी थी. लेकिन इसके बजाय दीपक परंपरारिक उचिपिल्लयार मंदिर के पास जलाया गया. मदुरै जिला कलेक्टर की रिपोर्ट में कहा गया था कि प्रशासन ने इसके लिए सभी व्यवस्थाएं की थीं, लेकिन मंदिर के ट्रस्टी बोर्ड द्वारा किसी दल को अधिकृत नहीं किए जाने के कारण यह कार्यक्रम नहीं हो सका.
25 नवंबर को सुप्रीम कोर्ट में दाखिल प्रारंभिक स्थिति रिपोर्ट में मदुरै के जिला कलेक्टर निशांत कृष्णा ने अदालत को बताया कि उन्होंने तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी की चोटी पर स्थित सिकंदर बदूशा दरगाह के पास पत्थर के स्तंभ पर दीपक जलाने की अदालत की अनुमति को लागू करने के लिए हर संभव प्रयास किया था. लेकिन मंदिर के ट्रस्टी बोर्ड ने इस समारोह को संपन्न कराने के लिए किसी दल को अधिकृत नहीं किया.
सुनवाई के दौरान एक श्रद्धालु की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता गुरु कृष्णकुमार ने कहा, ‘कलेक्टर हमसे यह विश्वास करने के लिए कह रहे हैं कि उन्होंने सब कुछ किया. निषेधाज्ञा के खिलाफ हाईकोर्ट में याचिका दायर की गई. ट्रस्टी बोर्ड अचानक कहीं से सामने आया और उसने प्रस्ताव पारित कर दिया. ये ट्रस्टी राजनीतिक नियुक्तियां थे.’
भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) की ओर से पेश सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कहा, ‘24 नवंबर को एक निश्चित तरीके से यह काम करने के लिए आदेश जारी किया गया था. राज्य प्रशासन सहित सभी को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई थीं. एएसआई को भी आदेश में शामिल किया गया था.’
उन्होंने आगे कहा, ‘एएसआई की टीम को दरगाह के प्रवेश द्वार पर ही रोक दिया गया. वहां पुलिस का नियंत्रण था. पुलिस ने एएसआई की टीम को वहां से चले जाने के लिए कहा, जिसके बाद टीम इंतजार करती रही. बाद में टीम पत्थर के स्तंभ का निरीक्षण किए बिना ही पहाड़ी से नीचे उतर गई.’
उन्होंने कहा, ‘यह गंभीर अवमानना और प्रशासनिक अहंकार का मामला है. राज्य सरकार ने कहा था कि ‘चाहे कुछ भी हो जाए, हम पत्थर के स्तंभ पर दीपक नहीं जलने देंगे.’
तुषार मेहता ने अदालत के आदेश का पालन सुनिश्चित कराने के लिए एक केंद्रीय सुरक्षा बल के साथ सुप्रीम कोर्ट के किसी पूर्व न्यायाधीश जैसी किसी एजेंसी के गठन की मांग भी की.
एक अन्य याचिकाकर्ता की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता साईदीपक अय्यर ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश से एक सप्ताह पहले ही राज्य सरकार ने मंदिर के ट्रस्टियों की नियुक्ति की थी.
उन्होंने कहा, ‘ट्रस्टियों राज्य सरकार के कर्मचारी हैं. उनकी नियुक्ति 13 नवंबर को की गई थी, यानी सुप्रीम कोर्ट के आदेश से ठीक एक सप्ताह पहले. वे राज्य सरकार द्वारा नियुक्त किए गए थे और ऐसे सुविधाजनक कंधे थे, जिनके सहारे राज्य सरकार अपनी जिम्मेदारी से बच सकती थी.’
वरिष्ठ अधिवक्ता पी. वल्लियप्पन ने कहा कि 24 नवंबर से पहले ही मंत्रियों ने बयान दे दिए थे कि पत्थर के स्तंभ पर दीपक नहीं जलाया जाएगा. उन्होंने कहा, ‘हमारे पास 15 दिसंबर तक का समय है. उन्हें किसी भी दिन दीपक जलाने दीजिए.’
जिला कलेक्टर की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता शंकरनारायणन ने कहा कि जिला प्रशासन ने अदालत के आदेश का पालन करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए हैं.
उन्होंने कहा, ‘सबसे पहले इस बात पर सुनवाई होनी चाहिए कि क्या प्रथमदृष्टया अवमानना का कोई मामला बनता भी है या नहीं. इसके बाद ही अवमानना के परिमार्जन (उल्लंघन को सुधारने) का सवाल उठता है. हमने आदेश का पालन करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए हैं.’
उन्होंने आगे कहा कि कलेक्टर को केवल दीपक जलाने के लिए सभी व्यवस्थाएं और सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया था. वे स्वयं दीपक जलाने की धार्मिक प्रक्रिया को अंजाम नहीं दे सकते थे.