29/11/2026 हिन्दी | English | Login
KV NEWS INDIA KV NEWS INDIA नजर हमारी खबर आपकी

देश | 2026-11-28 23:07:52 |

परिसीमन लोकतंत्र की कमर तोड़ देगा, यह हमेशा के लिए फासीवाद स्थापित करने की योजना है: अरुंधति रॉय

परिसीमन लोकतंत्र की कमर तोड़ देगा, यह हमेशा के लिए फासीवाद स्थापित करने की योजना है: अरुंधति रॉय
बुकर पुरस्कार विजेता लेखिका अरुंधति रॉय ने परिसीमन विधेयक को लेकर केंद्र सरकार की मंशा पर सवाल उठाए हैं. उन्होंने कहा कि इसका मकसद निर्वाचन क्षेत्रों का नए सिरे से बंटवारा कर जाति, धर्म और समुदाय के विभाजन को मजबूत करना है. उन्होंने इसे हमेशा के लिए फासीवाद स्थापित करने की योजना बताया.
नई दिल्ली: बुकर पुरस्कार से सम्मानित लेखिका अरुंधति रॉय ने परिसीमन विधेयक को लेकर केंद्र सरकार की मंशा पर सवाल उठाए हैं. उन्होंने कहा कि यह विधेयक लोकतंत्र की कमर तोड़ देगा. उनके मुताबिक, सरकार का मकसद सिर्फ लोकसभा और विधानसभा सीटों की संख्या बढ़ाना नहीं, बल्कि जाति, धर्म और समुदाय के आधार पर निर्वाचन क्षेत्रों का नए सिरे से बंटवारा कर अपने राजनीतिक हितों को मजबूत करना है.
रॉय शनिवार को जवाहर भवन में आयोजित लेखकों, कलाकारों और सांस्कृतिक कार्यकर्ताओं के राष्ट्रीय सम्मेलन में बोल रही थीं. उन्होंने परिसीमन को ‘हमेशा के लिए फासीवाद’ स्थापित करने की सरकार की दीर्घकालिक योजना बताया.
उन्होंने कहा, ‘परिसीमन लोकतंत्र की कमर तोड़ देगा. किसी को आपको यह विश्वास नहीं दिलाने देना चाहिए कि यह सिर्फ निर्वाचन क्षेत्रों और सांसदों की संख्या बढ़ाने के बारे में है. यह भी मत मानिए कि महिला आरक्षण विधेयक का महिलाओं के अधिकारों से कोई लेना-देना है. इसका मकसद जाति, धर्म और समुदाय के विभाजन को और मजबूत करने के लिए निर्वाचन क्षेत्रों का नक्शा नए सिरे से बनाना है.’
केंद्र सरकार ने 30 नवंबर से संसद का चार दिवसीय विशेष सत्र बुलाया है. इस दौरान सरकार लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण देने से जुड़े तीन विधेयक पेश करने की तैयारी में है. इनका उद्देश्य 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले महिला आरक्षण लागू करना है. प्रस्ताव में प्रत्येक राज्य की लोकसभा सीटों में 50 फीसदी वृद्धि का भी उल्लेख है.
रॉय ने देश की मौजूदा राजनीतिक स्थिति को ‘लोकतांत्रिक फासीवाद’ बताते हुए कहा कि फासीवादी ताकतें लोकतंत्र के अर्थ को ही खत्म करने की कोशिश कर रही हैं.
उन्होंने कहा, ‘अगर आपको सरकार की मंशा पर कोई संदेह है, तो असम और कश्मीर में निर्वाचन क्षेत्रों के नए परिसीमन का अध्ययन कीजिए. यह फासीवाद को मजबूत करने के बारे में है.’
उन्होंने कहा कि जर्मनी के नाजियों ने खुद को राष्ट्रीय समाजवादी कहा था, लेकिन उन्होंने समाजवाद के अर्थ को ही खत्म कर दिया. रॉय के मुताबिक, भारत में भी लोकतंत्र के साथ ऐसा ही करने की कोशिश हो रही है.

निगरानी और विरोध प्रदर्शनों पर भी उठाए सवाल

रॉय ने सरकार पर इजरायल से निगरानी सॉफ्टवेयर खरीदने और उसका इस्तेमाल युवा प्रदर्शनकारियों के खिलाफ करने का आरोप भी लगाया. उन्होंने कहा कि इजरायल गाजा में लगातार नरसंहार कर रहा है और भारत सरकार उससे ऐसे सॉफ्टवेयर खरीद रही है, जिनका देश में लोगों के खिलाफ कथित तौर पर गैरकानूनी इस्तेमाल किया जा रहा है.
उन्होंने दिल्ली में हुए ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के विरोध प्रदर्शनों के दौरान चेहरे की पहचान करने वाली तकनीक के इस्तेमाल का भी जिक्र किया. रॉय ने कहा कि सरकार ने इसे सामान्य बात की तरह पेश किया और दावा किया कि तकनीक के जरिये हजारों ऐसे लोगों की पहचान की गई, जो बार-बार अपराध करते हैं. लेकिन यह नहीं बताया गया कि ‘बार-बार अपराध करने वाले’ लोगों की पहचान किस आधार पर की गई.
उन्होंने कहा, ‘जिस तरह के दमन की योजना बनाई जा रही है, वह अविश्वसनीय है. परिसीमन विधेयक इस पूरी प्रक्रिया को व्यवस्थित और मजबूत करने का एक तरीका है. यह हमेशा के लिए फासीवाद स्थापित करने की दीर्घकालिक योजना है.’
रॉय ने परिसीमन को देश के लोगों को अचानक चौंकाने और उन्हें अपने फैसले के सामने लाचार करने की सरकार की योजना बताया. इसकी तुलना उन्होंने 2016 की नोटबंदी, 2019 में जम्मू-कश्मीर का विशेष दर्जा खत्म किए जाने और 2020 में महज चार घंटे के नोटिस पर देशव्यापी लॉकडाउन लागू करने से की.
उन्होंने कहा कि सरकार को लगता है कि उसने पर्याप्त सांसदों को अपने पक्ष में कर लिया है और अब वह परिसीमन तथा महिला आरक्षण से जुड़े विधेयक संसद से पारित करा सकती है.
रॉय ने कहा, ‘अगर यह विधेयक संसद में पारित हो जाता है, तो परिसीमन लोकतंत्र के साथ वही करेगा, जो नोटबंदी ने अर्थव्यवस्था के साथ किया था.’
उन्होंने नोटबंदी के असर का जिक्र करते हुए कहा कि इससे देश के गरीबों की कमर टूट गई और वे सरकार की मदद पर निर्भर हो गए. रॉय ने आरोप लगाया कि नोटबंदी और चुनावी बॉन्ड के जरिये भाजपा दुनिया की सबसे अमीर राजनीतिक पार्टी बन गई. इसके पैसे और प्रभाव का इस्तेमाल उन संस्थाओं पर कब्जा करने के लिए किया गया, जिनका काम लोकतंत्र में सत्ता पर निगरानी रखना और संतुलन बनाए रखना है.

Share This News / इस खबर को शेयर करें

Facebook X / Twitter YouTube Instagram WhatsApp