29/11/2026 हिन्दी | English | Login
KV NEWS INDIA KV NEWS INDIA नजर हमारी खबर आपकी

देश | 2026-11-28 23:10:01 |

पीएमएलए के तहत संपत्ति कुर्की पर फैसला लेने वाली पीठ में न्यायिक सदस्य जरूरी: सुप्रीम कोर्ट

पीएमएलए के तहत संपत्ति कुर्की पर फैसला लेने वाली पीठ में न्यायिक सदस्य जरूरी: सुप्रीम कोर्ट
सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि धन शोधन निवारण अधिनियम के तहत काम करने वाले निर्णायक प्राधिकरण में संपत्तियों को अस्थायी रूप से कुर्क करने के प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के आदेश की पुष्टि करने का फैसला लेते समय एक न्यायिक सदस्य का होना अनिवार्य है. अदालत ने कहा कि इतने महत्वपूर्ण परिणामों वाले फैसले ऐसे सदस्य के भरोसे नहीं छोड़े जा सकते, जिसे कानून की जानकारी न हो.
नई दिल्ली: सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को कहा कि धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत काम करने वाले निर्णायक प्राधिकरण में संपत्तियों को अस्थायी रूप से कुर्क करने के प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के आदेश की पुष्टि करने का फैसला लेते समय एक न्यायिक सदस्य का होना अनिवार्य है. अदालत ने कहा कि इतने महत्वपूर्ण परिणामों वाले फैसले ऐसे सदस्य के भरोसे नहीं छोड़े जा सकते, जिसे कानून की जानकारी न हो.
हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) सूर्यकांत और जस्टिस जॉयमाल्य बागची तथा वी. मोहना की पीठ ने स्पष्ट किया कि कानून के तहत एक सदस्यीय पीठ भी सुनवाई और फैसला कर सकती है, लेकिन उसमें निर्णायक प्राधिकरण का न्यायिक सदस्य होना जरूरी है.
अदालत ने कहा कि यह शर्त इसलिए जरूरी है ताकि यह तय करते समय कानूनी निष्पक्षता बनी रहे कि कोई संपत्ति मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़ी है या नहीं. इस फैसले का संबंधित व्यक्तियों के अधिकारों पर गंभीर असर पड़ सकता है.
इस फैसले के साथ सुप्रीम कोर्ट ने एक महत्वपूर्ण कानूनी सवाल पर स्थिति स्पष्ट कर दी है, जिस पर अलग-अलग हाईकोर्ट के फैसलों में मतभेद था. दिल्ली, कलकत्ता और तेलंगाना हाईकोर्ट ने निर्णायक प्राधिकरण की हर पीठ में न्यायिक सदस्य की मौजूदगी अनिवार्य करने से इनकार किया था.
सुप्रीम कोर्ट ने अब प्राधिकरण के प्रशासनिक और न्यायिक कार्यों के बीच स्पष्ट अंतर किया है. अदालत ने कहा कि प्रशासनिक काम न्यायिक सदस्य के बिना भी किए जा सकते हैं, लेकिन न्यायिक प्रक्रिया से जुड़े फैसले ऐसा नहीं कर सकते.
पीठ ने कहा, ‘हालांकि, निर्णायक प्राधिकरण केवल रिकॉर्ड का संरक्षक नहीं है. जैसा कि उसके नाम से ही स्पष्ट है, उसका मुख्य काम पीएमएलए की धारा 8 के तहत ‘निर्णय करना’ है.’
अदालत ने प्राधिकरण की दो भूमिकाओं के बीच अंतर स्पष्ट करते हुए कहा कि एक भूमिका सीलबंद दस्तावेजों को सुरक्षित रखने वाले संरक्षक की है, जबकि दूसरी भूमिका सबूतों और दलीलों के आधार पर फैसला करने की है.
अदालत ने बताया कि जब ईडी किसी संपत्ति को अस्थायी रूप से कुर्क करता है, तो वह अपने आदेश और उसके समर्थन में मौजूद दस्तावेज निर्णायक प्राधिकरण को भेजता है. प्राधिकरण इन रिकॉर्ड को सुरक्षित रखता है. इस काम में किसी ठोस कानूनी फैसले या दोनों पक्षों की दलीलों का मूल्यांकन करने की जरूरत नहीं होती. इसलिए यह काम न्यायिक सदस्य के बिना भी किया जा सकता है.
लेकिन स्थिति तब बदल जाती है, जब निर्णायक प्राधिकरण संबंधित व्यक्ति और ईडी की दलीलें सुनता है, सबूतों की जांच करता है और यह तय करता है कि संपत्ति मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़ी है या नहीं.
अदालत ने कहा कि इस प्रक्रिया में कानूनी सिद्धांतों को लागू करना, कानून के प्रावधानों की व्याख्या करना और सबूतों का मूल्यांकन करना शामिल है. इसके लिए कानूनी समझ और विशेषज्ञता जरूरी है.
अख़बार के मुताबिक, पीठ ने कहा, ‘पीएमएलए की धारा 8(2) और 8(3) के तहत फैसला करने वाली पीठ में एक न्यायिक सदस्य की मौजूदगी से स्वतंत्र न्यायिक सोच और निष्पक्षता पर्याप्त रूप से सुनिश्चित होती है.’
पीठ ने केंद्र सरकार की इस दलील को भी खारिज कर दिया कि निर्णायक प्राधिकरण के गलत फैसले के खिलाफ अपीलीय न्यायाधिकरण और उसके बाद हाईकोर्ट में अपील करने का विकल्प पर्याप्त सुरक्षा प्रदान करता है.
अदालत ने कहा, ‘अपील करने वाला मंच किसी फैसले की गलतियों को सुधार सकता है, लेकिन वह उस कमी को पूरा नहीं कर सकता, जो मूल रूप से फैसला करने वाले प्राधिकरण में थी.’
अदालत ने आगे कहा कि निर्णायक प्राधिकरण की कार्यवाही में न्यायिक सदस्य की अनुपस्थिति के कारण जो कमी रह जाती है, उसे केवल इस आधार पर दूर नहीं किया जा सकता कि उसके फैसले के खिलाफ किसी न्यायिक मंच पर अपील की जा सकती है.
पीठ ने यह भी स्पष्ट किया कि निर्णायक प्राधिकरण का अध्यक्ष होना किसी न्यायिक सदस्य के लिए अनिवार्य नहीं है.
गौरतलब है कि इस फैसले में सुप्रीम कोर्ट ने धारा 8(1) के तहत न्यायिक सदस्य के बिना गठित पीठ द्वारा कारण बताओ नोटिस जारी करने को अमान्य नहीं ठहराया है. अदालत ने यह भी अनिवार्य नहीं किया कि हर मामले की सुनवाई दो या उससे अधिक सदस्यों वाली पीठ ही करे.
अदालत ने स्पष्ट किया कि एक सदस्यीय पीठ भी सुनवाई कर सकती है, बशर्ते उसमें शामिल सदस्य कानून के क्षेत्र से हो.
पीठ ने यह भी कहा कि गुरुवार के फैसले से पहले किसी एक गैर-न्यायिक सदस्य द्वारा दिए गए आदेश अपने आप दोबारा नहीं खुलेंगे. हालांकि, ऐसे आदेशों से असंतुष्ट लोग कानून के तहत उपलब्ध अपील के विकल्प का इस्तेमाल कर सकते हैं और आदेश को उसके गुण-दोष के आधार पर चुनौती दे सकते हैं
अलग से, सुप्रीम कोर्ट की पीठ ने केंद्र सरकार को पीएमएलए में 2009 के उस संशोधन पर फिर से विचार करने की सलाह दी, जिसके तहत निर्णायक प्राधिकरणों की संख्या घटाकर केवल एक कर दी गई थी.
अदालत ने सुझाव दिया कि सरकार को पहले की व्यवस्था बहाल करने की संभावना पर विचार करना चाहिए, जिसके तहत एक से अधिक निर्णायक प्राधिकरण बनाए जा सकते थे. इनमें क्षेत्रीय स्तर पर काम करने वाले प्राधिकरण भी शामिल थे.

Share This News / इस खबर को शेयर करें

Facebook X / Twitter YouTube Instagram WhatsApp