29/11/2026 हिन्दी | English | Login
KV NEWS INDIA KV NEWS INDIA नजर हमारी खबर आपकी

अपराध | 2026-11-28 23:38:48 |

वडोदरा में ATS की बड़ी कार्रवाई, AK-47 और 20 से अधिक कारतूस के साथ संदिग्ध आतंकी गिरफ्तार

वडोदरा में ATS की बड़ी कार्रवाई, AK-47 और 20 से अधिक कारतूस के साथ संदिग्ध आतंकी गिरफ्तार
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि गिरफ्तार व्यक्ति मूल रूप से असम का रहने वाला है और वहां से गुजरात पहुंचा था। ATS को संदेह है कि उसके तार पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े हो सकते हैं।
गुजरात के वडोदरा में आतंकवाद निरोधक दस्ते (ATS) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से AK-47 राइफल और 20 से अधिक जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। यह गिरफ्तारी शुक्रवार को वडोदरा के जरोद बस स्टैंड के नजदीक की गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आरोपी के पाकिस्तान स्थित प्रतिबंधित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े होने का शक है। फिलहाल ATS की कई टीमें इस मामले की जांच में जुटी हैं और एक बड़ा ऑपरेशन जारी है।

खुफिया इनपुट के आधार पर ATS ने बिछाया जाल

जानकारी के अनुसार, ATS को पहले से इनपुट मिला था कि हथियारों के साथ एक संदिग्ध व्यक्ति जरोद इलाके से गुजरने वाला है। इस सूचना के बाद एजेंसी ने इलाके में निगरानी बढ़ा दी और संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी ली। जांच के दौरान गाड़ी से AK-47 राइफल और 20 से ज्यादा जिंदा कारतूस बरामद हुए। इसके बाद आरोपी को तत्काल हिरासत में ले लिया गया।
गिरफ्तारी के बाद उसे पूछताछ के लिए अहमदाबाद स्थित ATS मुख्यालय ले जाया गया है, जहां उससे लगातार सवाल-जवाब किए जा रहे हैं।

असम का रहने वाला है आरोपी, जैश से कनेक्शन की जांच

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि गिरफ्तार व्यक्ति मूल रूप से असम का रहने वाला है और वहां से गुजरात पहुंचा था। ATS को संदेह है कि उसके तार पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े हो सकते हैं। हालांकि, एजेंसी ने अभी तक आरोपी की पहचान सार्वजनिक नहीं की है।
अधिकारियों के मुताबिक, मामले से जुड़ी कई अहम जानकारियां जुटाई जा रही हैं। जांच प्रभावित न हो, इसलिए फिलहाल आरोपी और ऑपरेशन से संबंधित विस्तृत जानकारी साझा नहीं की जा रही है।

छह महीने से ATS की निगरानी में था संदिग्ध

ATS अधिकारियों के अनुसार, आरोपी पिछले छह महीने से अधिक समय से एजेंसी की निगरानी में था। खुफिया जानकारी की पुष्टि होने के बाद उसे पकड़ने के लिए विशेष रणनीति तैयार की गई।
अब जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी किसी बड़े आतंकी नेटवर्क का हिस्सा है या अकेले ही किसी गतिविधि को अंजाम देने की तैयारी में था। उसके मोबाइल फोन, कॉल डिटेल रिकॉर्ड, सोशल मीडिया अकाउंट और संपर्कों की पड़ताल की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि उसका जैश-ए-मोहम्मद से कथित संपर्क कब और कैसे हुआ।

Share This News / इस खबर को शेयर करें

Facebook X / Twitter YouTube Instagram WhatsApp