29/11/2026 हिन्दी | English | Login
KV NEWS INDIA KV NEWS INDIA नजर हमारी खबर आपकी

विदेश | 2026-11-29 00:03:15 |

दिल्ली : जलवायु परिवर्तन की रफ्तार के सामने वैश्विक प्रयास नाकाफी, वैज्ञानिकों ने जताई चिंता

दिल्ली : जलवायु परिवर्तन की रफ्तार के सामने वैश्विक प्रयास नाकाफी, वैज्ञानिकों ने जताई चिंता
नयी दिल्ली, 28 नवंबर । भारत में मानसून के बाद के तीन चक्रवात आना, नेपाल में हिमालय के हिमनदों (ग्लेशियर) का पिघलना, महासागरों में प्रवाल भित्तियों का घटना और 'सीओपी31' सम्मेलन के समापन के दिन वैश्विक तापमान का औद्योगिक काल से पहले के औसत स्तर से 2.2 डिग्री सेल्सियस अधिक पहुंचना... वैज्ञानिकों का कहना है कि ये अलग-अलग घटनाएं नहीं, बल्कि एक ही संकट के तेजी से गहराने की कहानी हैं। वैज्ञानिक लगातार इस मुद्दे की ओर ध्यान दिलाते रहे हैं और स्वास्थ्य, अर्थव्यवस्था तथा लोगों के रोजमर्रा के जीवन पर जलवायु परिवर्तन के बढ़ते प्रभावों को रेखांकित करते रहे हैं। संयुक्त राष्ट्र जलवायु परिवर्तन सम्मेलन (सीओपी31) बिना किसी सहमति के समाप्त होने के बाद कुछ वैज्ञानिकों का मानना है कि यह इस बात का प्रमाण है कि जलवायु परिवर्तन से निपटने की मौजूदा प्रक्रिया उस गति और व्यापकता से काम नहीं कर रही है, जिसकी इस संकट से निपटने के लिए जरूरत है। जलवायु वैज्ञानिक और जलवायु परिवर्तन पर अंतर-सरकारी पैनल (आईपीसीसी) की रिपोर्ट के प्रमुख लेखकों में शामिल रॉक्सी मैथ्यू कोल ने 'पीटीआई-वीडियो' से कहा, ''सीओपी31 से मुझे जो संदेश मिला है, वह यह है कि वैश्विक समुदाय के रूप में हम जलवायु में तेजी से हो रहे बदलाव से निपटने में विफल रहे हैं।'' कोल ने सीओपी31 के अंतिम दस्तावेज से जीवाश्म ईंधन जैसे शब्दों को हटाए जाने पर चिंता जताते हुए कहा कि ऐसा लगता है कि प्राथमिकताएं तत्काल जलवायु कार्रवाई की जरूरत के विपरीत दिशा में जा रही हैं। उन्होंने कहा कि वैश्विक तापमान में वृद्धि और जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए अब व्यापक बदलाव लाने वाले कदम उठाना अनिवार्य हो गया है। वैज्ञानिक ने कहा कि सीओपी31 में अब तक जलवायु वित्त और निवेश के लिए किए गए वादे अपर्याप्त हैं और ये ''हर साल होने वाले नुकसान के दसवें हिस्से के बराबर भी नहीं हैं।'' कोल ने कहा, ''एक वैज्ञानिक के तौर पर मैं चिंतित हूं। भारत तीन तरफ से गर्म होते महासागर से घिरा है, जो कई चक्रवातों को जन्म दे रहा है। इस साल मानसून के बाद के मौसम में ही तीन चक्रवात आए हैं। हिमालय के हिमनद (ग्लेशियर) पिघल रहे हैं और हमने तिब्बत तथा नेपाल में इसके नतीजे देखे हैं। मौसम संबंधी परिस्थितियों के चरम स्तर तक पहुंचने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। ये घटनाएं तेजी से घटित होती हैं और अक्सर हम इनका पूर्वानुमान नहीं लगा पाते।'' उन्होंने कहा, ''अमेरिका अब इन वार्ताओं (सीओपी सम्मेलनों) में हिस्सा नहीं ले रहा है, लेकिन चाहे अमेरिका हो, यूरोप, रूस, चीन या भारत, हम सभी को मिलकर उत्सर्जन कम करना होगा। यही एकमात्र रास्ता है।'' कोल ने कहा कि निवेश बढ़ाने, जलवायु परिवर्तन के प्रभावों की निगरानी करने, पूर्व चेतावनी प्रणालियां विकसित करने और पूरे क्षेत्र में अनुसंधान एवं विकास के लिए वित्तपोषण करने में भारत बड़ी भूमिका निभा सकता है। अंतरराष्ट्रीय क्रायोस्फीयर जलवायु पहल (आईसीसीआई) के मुख्य जलवायु वैज्ञानिक जेम्स किर्कहैम ने 'सीओपी31' के नतीजे को ''मिला-जुला'' बताया। उन्होंने कहा कि इसका परिणाम भले ही दुनिया की अपेक्षाओं के अनुरूप न हो, लेकिन शायद यह एक जरूरी अहसास है कि जलवायु परिवर्तन के तेजी से बढ़ते खतरनाक प्रभावों से निपटने के लिए मौजूदा प्रक्रिया अपेक्षित गति और स्तर पर काम नहीं कर रही है। किर्कहैम ने उम्मीद जताई कि इस नतीजे से प्रक्रिया में सुधार की मांग तेज होगी, ताकि आने वाले वर्षों में बेहतर फैसले लिए जा सकें। किर्कहैम ने 'पीटीआई-भाषा' से कहा, ''मुझे उम्मीद है कि हम बेहतर तरीके से वापसी कर सकेंगे और अधिक महत्वाकांक्षा, तत्परता तथा वित्तीय संसाधनों के साथ सीओपी32 की ओर बढ़ेंगे। विशेष रूप से अनुकूलन और नुकसान एवं क्षति के लिए अधिक वित्त उपलब्ध कराने की जरूरत है, ताकि व्यापक रूप से बदलाव लाया जा सके और जलवायु संबंधी चुनौतियों से निपटने की क्षमता मजबूत हो।'' जलवायु सम्मेलन के नतीजे में ठोस प्रावधानों की कमी पर निराशा जताते हुए उन्होंने कहा कि तापमान में निर्धारित सीमा से अधिक वृद्धि के स्तर को सीमित करने और इस अवधि को छोटा रखने के प्रयास वार्ताकारों के भाषा संबंधी प्रावधानों में पीछे हटने से रोकने में समय गंवाने पर निर्भर नहीं रह सकते। उन्होंने कहा, ''हमें बहुत कुछ और करने की जरूरत है।'' आईसीसीआई के मुख्य जलवायु वैज्ञानिक के अनुसार, यह फैसला अस्थायी झटका है, जो नेताओं को और अधिक प्रयास करने के लिए प्रेरित कर सकता है। हालांकि, अंतिम दस्तावेज की भाषा पर्वतीय देशों और हिममंडल को बचाने के लिए पर्याप्त नहीं होगी। उन्होंने कहा, ''अंताल्या में सहमति नहीं बन पाने से पहले हुई प्रगति खत्म नहीं हो जाती। दुबई में देशों ने जीवाश्म ईंधन से दूर जाने पर सहमति जताई थी और तापमान वृद्धि को 1.5 डिग्री सेल्सियस की सीमा के भीतर रखने की बात भी लगातार हो रही है।'' किर्कहैम ने कहा कि मौजूदा नीतियों के आधार पर दुनिया में तापमान वृद्धि 2.8 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंचने का अनुमान है, जो मामूली सीमा से अधिक वृद्धि नहीं, बल्कि बहुत गंभीर स्थिति होगी। उन्होंने कहा कि इससे नेपाल जैसी आपदाएं, समुद्र के जलस्तर में भारी वृद्धि और आर्कटिक क्षेत्र में स्थायी रूप से जमी जमीन (परमाफ्रॉस्ट) के पिघलने जैसी वैश्विक आपदाएं पैदा हो सकती हैं। कोल और किर्कहैम दोनों ने आईपीसीसी की सातवीं आकलन रिपोर्ट (एआर7) को लेकर भी चिंता जताई। विभिन्न देशों के बीच इसकी समयसीमा और बजट पर सहमति नहीं बन पाने के कारण अक्टूबर में इथियोपिया के अदीस अबाबा में हुई पिछली बैठक स्थगित कर दी गई थी। आईपीसीसी की आकलन रिपोर्ट संयुक्त राष्ट्र की ओर से तैयार की जाने वाली वैश्विक जलवायु विज्ञान की समीक्षा होती है, जिसे विशेषज्ञों की समीक्षा के बाद सरकारों की मंजूरी मिलती है। ऐसी रिपोर्ट आमतौर पर हर पांच से सात साल में जारी की जाती है।

Share This News / इस खबर को शेयर करें

Facebook X / Twitter YouTube Instagram WhatsApp